
जालंधर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तलवंडी रोड, उग्गी स्थित मदरसा हयातुल-इस्लाम रहमीया एवं मस्जिद अली परिसर में देशभक्ति और उल्लास के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराकर और राष्ट्रगान गाकर की गई।

इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी बाबा बलविंदर सिंह जी ने शिरकत की। गौरतलब है कि बाबा बलविंदर सिंह जी समाज सेवा में निरंतर सक्रिय रहते हैं और वे अपनी पारंपरिक देशी दवाओं से आंखों के उपचार के लिए पूरे क्षेत्र में विख्यात हैं, जिससे अब तक कई लोगों की आंखों की रोशनी वापस आ चुकी है। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा उनका विशेष सम्मान किया गया।

मदरसे के हेड मौलाना अबू बकर साहब की देखरेख में आयोजित इस समारोह में छात्रों ने देश प्रेम से ओत-प्रोत कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने भाषण (तकरीर) और नज्मों के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया और आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि बाबा बलविंदर सिंह जी और मौलाना अबू बकर साहब ने अपने संबोधन में देश की एकता, आपसी भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखने का संदेश दिया।

इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनमें हाजी हनीफ (मकसूदा), जीशान ठेकेदार, कारी साबिर कोनू दिन, हाजी सुरमो प्रधान, प्रधान अब्दुल गनी, सऊदीन, मौलाना अहसान और नकोदर जामा मस्जिद के इमाम हुसैन शामिल रहे। इन सभी अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के समापन पर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई, जिसके बाद बच्चों और सभी उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं।
