
जालंधर/मोहाली: पंजाब के जालंधर, मोहाली और चंडीगढ़ समेत कई शहरों में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। लगातार हुई तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस बारिश के बीच मोहाली से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। मोहाली के खरड़ स्थित वार्ड नंबर-16 में बारिश और ड्रेनेज का उफान मारता पानी एक मकान के अंदर घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि जलस्तर कमरे में रखे बेड तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बेड पर सो रहा 2 साल का मासूम बच्चा (देवा) अचानक पानी में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।जलभराव के कारण बुनियादी ढांचे की भी पोल खुल गई। मोहाली के फेज-10 में सड़क का एक हिस्सा धंसने से एक कार उसमें बुरी तरह फंस गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जगह पर करीब एक साल पहले सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी। बारिश का पानी गड्ढे में भर जाने के कारण यह हादसा हुआ।खराब मौसम का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। विजिबिलिटी कम होने और भारी बारिश के कारण कोलकाता से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की एक उड़ान को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। एहतियात के तौर पर इस फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया, जहां विमान को सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया।
